स्कूल में तांत्रिक गतिविधियों से सनसनी: क्लासरूम के बाहर मिली संदिग्ध सामग्री, तोड़फोड़ और आगजनी से दहशत

दुर्ग, 19 फरवरी 2026। जिले के केलाबाड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक-पूर्व माध्यमिक शाला केलाबाड़ी में कथित तांत्रिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की हरकतों से हड़कंप मच गया है। स्कूल परिसर में बीते एक सप्ताह से सामने आ रही घटनाओं ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, कुछ दिन पहले क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला और गोबर-मिट्टी से बनाए गए संदिग्ध निशान मिले थे, जिन्हें तंत्र-मंत्र से जोड़कर देखा जा रहा है। बाद में इसी तरह के निशान कक्षाओं के अंदर भी पाए गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। शिक्षकों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन घटनाएं रुकने के बजाय बढ़ती चली गईं।
ताजा घटना में असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। टेबल-कुर्सियों को नुकसान पहुंचाने के साथ एक कक्षा में रखे फर्नीचर को आग के हवाले कर दिया गया। महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज भी जल गए, जिससे स्कूल प्रशासन को भारी नुकसान हुआ है। कक्षाओं में लगे पंखे, लाइट, बिजली बोर्ड तोड़ दिए गए, वहीं बोर का केबल क्षतिग्रस्त होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले जिले के बोरसी स्थित एक सरकारी स्कूल में भी कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला सामने आया था, जिससे लोगों में पहले से ही चिंता का माहौल था। अब छोटे बच्चों के स्कूल को निशाना बनाए जाने से अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। कई अभिभावकों ने बताया कि बच्चे डर के कारण स्कूल जाने से घबरा रहे हैं।
शिक्षकों के अनुसार, स्कूल बंद होने के बाद असामाजिक तत्व बाउंड्री तोड़कर परिसर में घुस जाते हैं और कई बार कक्षाओं के ताले भी तोड़े जा चुके हैं। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस और शिक्षा विभाग को कई बार शिकायत दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने अब पद्मनाभपुर थाना में पुनः शिकायत दर्ज कराई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्कूल में फिर से सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *