29मई 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा करीब 60 से 70 फीट लंबा भारी टिन शेड अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में ड्यूटी पर तैनात टीटीई भूपेंद्र सिंह समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 8 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म से रवाना हुई थी, जिसके चलते वहां यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। इसी दौरान अचानक प्लेटफॉर्म के ऊपर लगा विशाल टिन शेड टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे की चपेट में टीटीई भूपेंद्र सिंह के अलावा यात्री अभिषेक कुमार और साहिल आ गए। बताया जा रहा है कि शेड गिरने से टीटीई के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के समय हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस भी प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंच चुकी थी, लेकिन स्थिति को देखते हुए ट्रेन को हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने किसी तरह भारी टिन शेड को उठाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे अधिकारियों ने मौके पर क्रेन मंगवाकर मलबा हटाने का काम शुरू कराया। हादसे के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-5 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और कई ट्रेनों को दूसरे प्लेटफॉर्म पर डायवर्ट किया गया, जिससे रेल संचालन प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्टेशन पर इन दिनों रेनोवेशन और कॉनकोर्स निर्माण कार्य चल रहा था। जिस हिस्से में टिन शेड लगा था, वहां कुछ सपोर्ट पिलर और रेलिंग हटाए गए थे, जिससे शेड कमजोर हो गया और अचानक ढह गया। माना जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।
मौके पर पहुंचे डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार एजेंसी या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
इस घटना ने रेलवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।