29मई 2026
जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के नानगुर मंडल अंतर्गत ग्राम गुमलवाड़ा में शुक्रवार को आयोजित सुशासन तिहार शिविर जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी का बड़ा मंच बनकर सामने आया। कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक किरण देव शामिल हुए और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों को कई मामलों में तत्काल कार्रवाई और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक किरण देव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और किसान हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
गुमलवाड़ा में आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविर में 23 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों के 32 स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया। कई ग्रामीणों ने अपनी मांगों और समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अनेक का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों के जल्द समाधान का भरोसा अधिकारियों ने दिया।
सुशासन तिहार के दौरान विधायक किरण देव का ग्रामीणों ने पारंपरिक धुरवा नाचा और आदिवासी संस्कृति के अनुरूप जोरदार स्वागत किया। विधायक ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों से सीधा संवाद भी किया। कार्यक्रम में गोदभराई और अन्नप्राशन जैसे सामाजिक आयोजन भी संपन्न हुए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं और विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, जनपद पंचायत सदस्य, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, जनपद सीईओ अमित भाटिया सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।