5मार्च2026
मध्य-पूर्व में जारी अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के छठे दिन भारत ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भारत सरकार की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरान दूतावास पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
दूतावास में उन्होंने शोक पुस्तिका (कंडोलेंस बुक) पर हस्ताक्षर कर ईरान की सरकार और वहां की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त की। यह पहली बार है जब भारत की ओर से आधिकारिक स्तर पर खामेनेई के निधन पर प्रतिक्रिया सामने आई है।
बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमलों के दौरान खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसकी आधिकारिक पुष्टि ईरान ने अगले दिन की। उनके निधन के बाद दुनिया के कई देशों और नेताओं की ओर से शोक संदेश भेजे जा रहे हैं।
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच यह घटनाक्रम वैश्विक राजनीति में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिस पर दुनिया भर की नजर बनी हुई है।