जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के समग्र और संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, गणमान्यजनों और मीडिया से शहर के विकास के लिए सुझाव और प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं।
नगर निगम ने सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, उद्यान विकास, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे जनहित से जुड़े विषयों पर ठोस और व्यवहारिक सुझाव मांगे हैं, ताकि आगामी बजट शहर की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।
इस संबंध में महापौर संजय पाण्डेय ने नगरवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की भागीदारी से ही मजबूत, पारदर्शी और जनोन्मुखी बजट तैयार किया जा सकता है। उन्होंने सभी वर्गों से अपने-अपने वार्ड और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार रचनात्मक सुझाव भेजने का आग्रह किया।
निगम प्रशासन ने बताया कि प्राप्त सुझावों का गंभीरता से परीक्षण कर उन्हें बजट निर्माण प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके बाद बजट को सामान्य सभा से स्वीकृति दिलाकर राशि के आबंटन के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। राशि की उपलब्धता के आधार पर शहर के विकास की योजना तैयार की जाएगी।
नगरवासी अपने सुझाव ई-मेल (jagdalpurnagarnigam@yahoo.com), व्हाट्सएप (8839522213) या सीधे महापौर कार्यालय, नगर निगम जगदलपुर में प्रस्तुत कर सकते हैं।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहभागी बनने की अपील की है, ताकि सामूहिक प्रयासों से जगदलपुर को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।
जनभागीदारी से बनेगा जगदलपुर का बजट 2026-27, नगर निगम ने मांगे शहरवासियों से सुझाव