5मार्च 2026
बिलासपुर जिले के कोटा स्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में लगभग 30 लाख रुपये के शासकीय धन के गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्यालय में पदस्थ लेखापाल नवल सिंह पैकरा और कर्मचारी देवेंद्र कुमार पालके के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र मिश्रा ने थाना कोटा में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर “अन्य भत्तों” के मद में राशि बढ़ाकर निकासी की। इस तरह करीब 30 लाख रुपये की शासकीय राशि का गबन किया गया।
प्रारंभिक जांच में वित्तीय अभिलेखों और भुगतान प्रविष्टियों में अनियमितता सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 171/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की जांच, बैंक लेनदेन का परीक्षण और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता तो नहीं है।