17 अगस्त तक देशभक्ति के रंग में रंगेगा बस्तर, तिरंगा यात्रा, बाइक-साइकिल रैली, मैराथन और तिरंगा मेले होंगे आयोजित
जगदलपुर, 08 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर जिले में देशभक्ति का उत्सव व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले में 07 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम’ विशेष कार्यक्रम तथा 09 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान में आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तिरंगा यात्रा से लेकर बाइक-साइकिल रैली तक
अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा, बाइक रैली और साइकिल रैली निकाली जाएगी। इन आयोजनों की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ के गायन से होगी। रैलियों में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, स्व-सहायता समूहों के सदस्य, पुलिस बल तथा एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स भाग लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं और नागरिकों में फिटनेस के साथ देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए तिरंगा मैराथन भी आयोजित की जाएगी।
तिरंगा रंगोली और ‘तिरंगा कैनवास’ बनेगा आकर्षण
सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के सहयोग से ‘वंदे मातरम’ थीम पर विशाल तिरंगा रंगोलियां बनाई जाएंगी। इसके साथ ही 3:2 के अनुपात में ‘तिरंगा कैनवास’ भी लगाए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी भाषा में ‘जय हिंद’ या ‘हर घर तिरंगा’ लिखकर देशभक्ति के भाव व्यक्त कर सकेंगे।
स्थानीय कारीगरों और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए जिले में तिरंगा मेलों का आयोजन भी किया जाएगा। इन मेलों में तिरंगे, वस्त्र और स्थानीय हस्तशिल्प की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे।
सेल्फी पॉइंट से डिजिटल अभियान में भी जुड़ेंगे लोग
अभियान को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर ‘तिरंगा सेल्फी पॉइंट’ बनाए जाएंगे। यहां नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर उसे आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को ‘विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’
अभियान के दौरान 14 अगस्त को ‘विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्थलों की सजावट में सफेद फूलों और सफेद रंग का उपयोग किया जाएगा। दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी और शाम को मौन कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
शैक्षणिक संस्थानों में विभाजन की त्रासदी से संबंधित विशेष प्रदर्शनियां और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से की तिरंगा फहराने की अपील
कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित करने का आग्रह किया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में गौरव एवं सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
09 से 17 अगस्त तक बस्तर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा और गांव से शहर तक ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश गूंजेगा।