पिता से विवाद के बाद बेटे ने उठाया खौफनाक कदम, सील-लोढ़ा से सिर पर किया वार; मौत, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 08 अगस्त 2026। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे द्वारा अपने पिता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना तपकरा थाना क्षेत्र की ऊपरकछार चौकी अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार की है। पुलिस के मुताबिक, पिता की कथित झगड़ालू प्रवृत्ति को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर बेटे सूरज सिंह ने घर में इस्तेमाल होने वाले सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।

हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और आसपास के लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर तपकरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी बेटे सूरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया सील-लोढ़ा भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ तपकरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *