जगदलपुर, 31 जनवरी 2026।
बस्तर जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने बस्तर विकासखंड के ग्राम घाटलोहंगा स्थित शासकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस अचानक दौरे का उद्देश्य जमीनी स्तर पर स्कूली शिक्षा की वास्तविक स्थिति, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल का प्रत्यक्ष आकलन करना था।
विद्यालय परिसर में पहुँचते ही कलेक्टर आकाश छिकारा ने कक्षाओं का निरीक्षण किया और अध्ययन-अध्यापन की प्रक्रिया को करीब से देखा। उन्होंने कक्षा में छात्रों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली तथा शिक्षकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। साथ ही विद्यालय के बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि नियमित पठन-पाठन, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अनुविभागीय दंडाधिकारी गगन शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल, जिला मिशन समन्वयक अशोक पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी उपस्थित रहे।
शिक्षा व्यवस्था पर कलेक्टर की पैनी नजर: घाटलोहंगा विद्यालय का औचक निरीक्षण, पढ़ाई की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं