जगदलपुर | 31 जनवरी 2026
नौकरी लगाने के नाम पर दस लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना बोधघाट पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें एक आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान प्रमोद सिंह भार्गव (43 वर्ष) पिता स्वर्गीय हिन्दलाल भार्गव, निवासी बजरंगपुर नवागांव, थाना एवं जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में कोंडागांव जिले के ग्राम बड़े कनेरा में फार्मासिस्ट के पद पर पदस्थ बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर की गई ठगी के इस मामले का खुलासा किया गया।
थाना बोधघाट में 29 जनवरी 2026 को प्रार्थी अनंत राम कश्यप, निवासी कुम्हार पारा, जगदलपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्रमोद सिंह भार्गव ने अपने जीजा को व्यापम अधिकारी बताकर प्रार्थी की बेटी और भांजी को आश्रम अधीक्षक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इस एवज में 10 लाख रुपये की ठगी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोंडागांव से पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 31 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
नौकरी का सपना दिखाकर 10 लाख की ठगी, फार्मासिस्ट आरोपी बस्तर पुलिस के शिकंजे में