मरकाटोला घाट में पुलिस का बड़ा एक्शन: क्रेटा कार से 65 लाख कैश जब्त, टैक्स चोरी की आशंका

27मई 2026

बालोद। जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। भारी मात्रा में कैश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस फिलहाल रकम के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में टैक्स चोरी और अवैध रूप से नकदी ले जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांकेर की ओर से पुरूर मार्ग होते हुए एक सफेद रंग की क्रेटा कार में बड़ी मात्रा में नकदी लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस सक्रिय हुई और एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में चेकिंग प्वाइंट लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी।

कुछ देर बाद बताई गई कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने खुद को बालोद निवासी व्यवसायी और उसके सहयोगी के रूप में बताया। पुलिस को जब वाहन की तलाशी में भारी मात्रा में नकद रकम मिली तो अधिकारियों ने तत्काल कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में रकम की गिनती कराई। जांच में कुल 65 लाख रुपये नकद पाए गए।

पुलिस ने जब दोनों व्यक्तियों से इतनी बड़ी रकम के संबंध में दस्तावेज और वैध जानकारी मांगी, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने रकम और वाहन को जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आयकर विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दी जा सकती है।

इस कार्रवाई को बालोद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के कारण अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध लेन-देन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *