27मई2026
हिमाचल प्रदेश के कसौली एयरफोर्स स्टेशन के पास भड़की भीषण जंगल की आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते आग ने पहाड़ियों और जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद हालात संभालने के लिए इंडियन एयर फोर्स को मोर्चा संभालना पड़ा।
दुर्गम पहाड़ी इलाकों में फैलती आग पर काबू पाने के लिए वायुसेना के चिनूक और Mi-17 हेलीकॉप्टर लगातार आसमान से पानी बरसाकर राहत अभियान चला रहे हैं। हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ की सुखना झील से पानी भरकर आग प्रभावित क्षेत्रों में डाल रहे हैं। सामने आए वीडियो में धुएं और ऊंची लपटों के बीच एयरफोर्स का रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है।
स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और दमकल टीमों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। इसके बाद एयरफोर्स की मदद ली गई। अधिकारियों के मुताबिक रात में भी ऑपरेशन जारी रखने के लिए पायलटों को नाइट विजन गॉगल्स के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है।
सिर्फ कसौली ही नहीं, बल्कि शिमला और कंडाघाट के कई जंगल क्षेत्रों से भी आग लगने की खबरें सामने आई हैं। माना जा रहा है कि लगातार बढ़ती गर्मी और सूखे मौसम की वजह से जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं।