जशपुर के 13 गांवों की बदलेगी तस्वीर, 3,921 किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

बगिया बैराज परियोजना का मुख्यमंत्री साय ने किया भूमिपूजन, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा

जशपुर, 9 नवंबर 2026। जशपुर जिले के किसानों के लिए सोमवार को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैंप कार्यालय से 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

इस परियोजना से करीब 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे किसानों को खरीफ के साथ-साथ रबी की फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा और वे वर्ष में एक से अधिक फसल लेने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी तथा कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने के नए अवसर बनेंगे।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था

बगिया बैराज परियोजना की खासियत इसकी आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई व्यवस्था होगी। परियोजना के तहत सिंचाई प्रणाली को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक आधारित इस तरह की पहली परियोजना बताया। इससे पानी के प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार समेत कुल 13 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।

परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने के साथ कृषि आधारित आजीविका को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *