चार साल में दूसरी बार पहुंचा रॉयल बंगाल टाइगर, सांभर का किया शिकार; 100 कैमरा ट्रैप और 27 गश्ती दलों से रखी जा रही नजर
ओडिशा 11नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के जंगलों से वन गलियारे के रास्ते एक रॉयल बंगाल टाइगर ओडिशा के देब्रीगढ़ वन्यजीव अभयारण्य पहुंच गया है। ‘महाबली बाघ’ के नाम से पहचाने जाने वाले इस नर बाघ की मौजूदगी से वन विभाग में उत्साह है। खास बात यह है कि पिछले चार वर्षों में दूसरी बार किसी बाघ ने इस अभयारण्य का रुख किया है।
जानकारी के मुताबिक, अभयारण्य पहुंचने के कुछ ही समय बाद बाघ ने सांभर हिरण का शिकार किया। इसे अभयारण्य में उसके अनुकूलन और शिकार की उपलब्धता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
100 कैमरा ट्रैप से निगरानी, शिकारियों पर भी नजर
बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है। अभयारण्य में 100 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं, जबकि प्रतिदिन 27 गश्ती दल क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा अवैध शिकार से जुड़ी जानकारी देने वालों के लिए 1,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
चार गांवों के पुनर्वास से तैयार हुआ अनुकूल वातावरण
देब्रीगढ़ अभयारण्य में बाघों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से पिछले कुछ वर्षों में बड़े स्तर पर संरक्षण कार्य किए गए हैं। इसके तहत चार गांवों का पुनर्वास कर लगभग 500 हेक्टेयर वन क्षेत्र को वन्यजीवों के लिए मुक्त कराया गया है। माना जा रहा है कि इन प्रयासों से अभयारण्य में बड़े वन्यजीवों के लिए बेहतर आवास उपलब्ध हुआ है।
टाइगर रिजर्व बनने की बढ़ी उम्मीद
देब्रीगढ़ में बाघों की लगातार बढ़ती आवाजाही ने इसे पूर्ण टाइगर रिजर्व का दर्जा दिए जाने की उम्मीदों को भी बल दिया है। ‘महाबली बाघ’ की मौजूदगी को वन्यजीव संरक्षण और जंगलों में बेहतर होते प्राकृतिक आवास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।