सड़कों पर मलबा और गंदगी फैलाना पड़ा महंगा, नगर निगम ने 4 प्रतिष्ठानों पर लगाया 17,500 रुपए जुर्माना

जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026। शहर की सड़कों और नालियों पर मलबा, निर्माण सामग्री एवं गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले चार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कुल 17,500 रुपए का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण के दौरान गांधीनगर वार्ड स्थित अनीश मेंस वेयर द्वारा सरकारी भवन परिसर में गंदगी फैलाने पर 5,000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। वहीं मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री और मलबा फैलाकर जल निकासी बाधित करने पर दूल्हा साहब कपड़ा दुकान से 5,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

इसी तरह प्रताप देव वार्ड स्थित तस्वीर इलेक्ट्रॉनिक्स पर 2,500 रुपए तथा बालाजी वार्ड स्थित बंसल नर्सिंग होम पर सड़क और नाली में मलबा डालकर मार्ग अवरुद्ध करने के मामले में 5,000 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई।

नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर ही जुर्माने की राशि वसूल की और संबंधित प्रतिष्ठानों को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों और नालियों पर कचरा या निर्माण सामग्री डालकर आवागमन एवं जल निकासी बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से स्वच्छता बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा और मलबा नहीं डालने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *