15 नवंबर को धरमजयगढ़ में भाजपा का प्रदेश स्तरीय आयोजन, जुटेंगे सवा लाख लोग; स्मृति ईरानी लेंगी तैयारियों का जायजा

रायपुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एक से सवा लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए भाजपा की प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी बुधवार सुबह रायपुर पहुंचीं। यहां से वे सीधे धरमजयगढ़ रवाना होंगी, जहां कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।

मंच से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की होगी समीक्षा

स्मृति ईरानी कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, परिवहन और अन्य आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दौरे को लेकर की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी।

आयोजन को लेकर बुधवार सुबह 10 बजे जनपद सभागार में महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिनिधियों की भागीदारी और आयोजन की जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी।

तीन मंत्रियों और सांसद को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रदेश स्तरीय समारोह के बेहतर संचालन और समन्वय के लिए मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप और सांसद राधेश्याम राठिया को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में मंत्री ओपी चौधरी और सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल होने की जानकारी है।

42 जनजातीय समाजों की भागीदारी पर जोर

इस समारोह में छत्तीसगढ़ के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधियों को शामिल करने की तैयारी है। भाजपा संगठन का लक्ष्य अलग-अलग जिलों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए संगठन स्तर पर संपर्क और समन्वय का काम किया जा रहा है।

15 नवंबर को होगा मुख्य समारोह

जनजातीय गौरव दिवस पर होने वाला यह आयोजन प्रदेश स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बुधवार को स्मृति ईरानी के निरीक्षण और बैठक के बाद आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *