जगदलपुर।14जून26/ ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती दिखाते हुए बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए 300 से अधिक मॉडिफाइड (माड़ीफाई) साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। इन उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो वर्षों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर उन वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जो अपने वाहनों में कानफोड़ू आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का उपयोग कर रहे थे। ऐसे वाहनों से निकलने वाली तेज आवाज आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही थी। मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए इन उपकरणों को जब्त किया गया था।
शुक्रवार को कोतवाली परिसर में आयोजित कार्रवाई के दौरान कुल 312 मॉडिफाइड साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले ऐसे उपकरणों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल कंपनी द्वारा निर्मित मानक साइलेंसर और हॉर्न का ही उपयोग करें। मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध प्रेशर हॉर्न न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा साबित होते हैं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
कानफोड़ू साइलेंसरों पर चला रोड रोलर, 15 लाख रुपये के मॉडिफाइड उपकरण किए गए नष्ट