नांदेड़ में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद: घर से मिलीं हजारों तलवारें और खंजर, पुलिस भी रह गई हैरान

8मई2026

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध धारदार हथियार बरामद किए हैं। वजीराबाद इलाके के रामदास नगर स्थित एक मकान में छापेमारी के दौरान पुलिस को हजारों की संख्या में तलवारें, खंजर, चाकू और अन्य घातक हथियार मिले। इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों का जखीरा देखकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक घर में बड़ी संख्या में अवैध हथियार जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर नांदेड़ रूरल पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर से करीब 4796 धारदार हथियार बरामद किए गए। इनमें तलवारें, खंजर, कोयता और कई अन्य घातक हथियार शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 43 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में 50 वर्षीय जसवंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमनी नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी इन हथियारों को अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करने की तैयारी में था।
इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच तेज कर दी गई है और कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *