राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर विद्यार्थियों को मिला दोहरा संदेश, बुनकरों के सम्मान के साथ नशामुक्ति का लिया संकल्प

जगदलपुर, 08 अगस्त 2026। राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस7अगस्त को पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, पुराना पुल रोड, जगदलपुर में विशेष प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हाथकरघा की समृद्ध परंपरा, स्थानीय बुनकरों को प्रोत्साहन और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बीएस ध्रुव ने हाथकरघा क्षेत्र से जुड़े बुनकरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा के तहत उपलब्ध बीमा सुविधा की जानकारी देते हुए बताया कि 60 रुपये के अंशदान पर सामान्य मृत्यु की स्थिति में 60 हजार रुपये तथा दुर्घटनाजन्य मृत्यु की स्थिति में 1.50 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि हाथकरघा भारत की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से हाथकरघा से निर्मित वस्त्रों का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा स्थानीय बुनकरों को प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

वहीं विद्यालय की प्राचार्य खोजन खलको ने विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए नशे से होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार व समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सुनीता मेश्राम, शिवानी महंत, रेणुका श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *