जगदलपुर –
छत्तीसगढ़ में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब राज्य के तीन जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
राजनांदगांव, जगदलपुर और अंबिकापुर जिला न्यायालयों को यह धमकी कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए संदिग्ध मेल के जरिए दी गई है।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया।
तीनों न्यायालय परिसरों को एहतियातन सील कर दिया गया है और बम निरोधक दस्ता व सुरक्षा एजेंसियां सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
जगदलपुर कोर्ट में अफरा-तफरी
जगदलपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में बम की सूचना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पूरे परिसर को खाली कराकर जांच की जा रही है।
आम नागरिकों की एंट्री पर रोक
सुरक्षा कारणों से वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों के कोर्ट परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
कई वाहन और ग्रामीणों को गेट पर ही रोक दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी।
अंबिकापुर और राजनांदगांव में भी अलर्ट
अंबिकापुर जिला न्यायालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है।
राजनांदगांव कोर्ट में भी बम स्क्वॉड द्वारा जांच जारी है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
पुलिस के अनुसार इससे पहले भी न्यायालयों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं।
फिलहाल सभी मेल की साइबर जांच की जा रही है और धमकी भेजने वाले की तलाश जारी है।