दंतेवाड़ा, 03 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सोमवार को किरंदुल पुलिस ने बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (बीटीओए) एवं बैलाडीला ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में पुलिस ने सड़कों पर ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग रोकने, ओवरलोड बस, ट्रक, टेम्पो और अन्य मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण रखने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सभी मालवाहक वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच तथा बिना वैध परमिट संचालित वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शामिल बीटीओए एवं बैलाडीला ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने, यातायात व्यवस्था सुधारने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जनहित में कार्य करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों, परिवहन व्यवसायियों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन चलाने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
किरंदुल में सड़क सुरक्षा पर पुलिस का बड़ा अभियान, ट्रांसपोर्ट संगठनों के साथ बैठक कर दिए सख्त निर्देश