जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कुनकुरी जा रही यात्री बस पलटी, चार की मौत, कई यात्री घायल

6मार्च 2026

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही एक यात्री बस दुलदुला क्षेत्र के गोडाअम्बा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य जरूरी कार्रवाई में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *