रायपुर, 31 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले को सड़क विकास की बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत जिले के चार महत्वपूर्ण ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
स्वीकृत परियोजनाओं में बुलडेगा से रेचवाघाट पहुंच मार्ग के लिए 1.23 करोड़ रुपये, खुंटापानी से सलियामुड़ा मार्ग के लिए 3.46 करोड़ रुपये, कोसमभावना से बनगांव मार्ग एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 1.43 करोड़ रुपये तथा बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर पहुंच मार्ग के लिए 2.30 करोड़ रुपये शामिल हैं। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जशपुर के कई गांव विकास की मुख्यधारा से और बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है और उम्मीद जताई है कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।