सुशासन तिहार में बदसलूकी का वीडियो वायरल, CEO पर गिरी निलंबन की गाज

रायपुर/दुर्ग, 1 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में चल रहे सुशासन तिहार के दौरान जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश कुमार पांडेय को कर्तव्य में लापरवाही और आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला दुर्ग जिले के ग्राम धनौद में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर से जुड़ा है। सुशासन तिहार के दौरान आयोजित इस शिविर में पहुंचे ग्रामीणों और आम नागरिकों के साथ सीईओ रूपेश पांडेय के कथित अशिष्ट व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान कलेक्टर दुर्ग ने पूरे मामले का परीक्षण किया और प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए शासन को निलंबन की अनुशंसा भेजी। इसके बाद संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अधिकारी ने शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती और आम जनता के साथ अनुचित एवं अशिष्ट व्यवहार किया। यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *