मंच पर अफसर, पैर छूते वीडियो वायरल… प्रशासनिक मर्यादा पर उठे सवाल

9मई2026

सूरजपुर के प्रेमनगर में विधायक के जन्मदिन समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सरकारी अधिकारी विधायक के मंच पर नजर आ रहे हैं, कोई गीत गाता दिख रहा है तो कोई सार्वजनिक तौर पर चरण स्पर्श करते दिखाई दे रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक निष्पक्षता और सरकारी मर्यादा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के  पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अमले की मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के BEO और BRC अधिकारियों के साथ पुलिस विभाग के कर्मचारी और अन्य अधिकारी भी शामिल हुए। मंच पर अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और विधायक के सम्मान में गाना गाने के वीडियो सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं।सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हो रही है, जिसमें एक अधिकारी विधायक के पैर छूते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सरकारी अधिकारियों को राजनीतिक मंचों पर इस तरह खुलकर शामिल होना चाहिए। कई लोगों का कहना है कि सरकारी सेवा आचरण नियम अधिकारियों से निष्पक्षता और तटस्थता की अपेक्षा करते हैं, ऐसे में इस तरह की तस्वीरें प्रशासनिक व्यवस्था की छवि पर असर डाल सकती हैं।स्थानीय स्तर पर भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि अधिकारी जनता और शासन के प्रतिनिधि होते हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक आयोजनों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। वहीं कुछ अधिकारियों ने इसे निजी और सामाजिक कार्यक्रम बताते हुए सफाई दी है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद यह तर्क लोगों को पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर पा रहा।अब यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी गर्माने लगा है। विपक्षी दल इसे प्रशासन और राजनीति की बढ़ती नजदीकियों का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर लोग सरकारी तंत्र की निष्पक्षता को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *