9मई2026
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त पदों के लिए उप निर्वाचन की घोषणा होते ही बस्तर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आकाश छिकारा के निर्देश पर चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया की समय-सारणी बताते हुए कहा कि 11 मई से अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। इच्छुक प्रत्याशी 18 मई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद नियमानुसार जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान 1 जून को कराया जाएगा, जबकि 4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावी हो चुकी है। अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों और नियमों की जानकारी भी दी गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री तिवारी ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सभी दलों की जिम्मेदारी है कि वे आचार संहिता का पालन करते हुए स्वस्थ लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखें। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।