विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा बोले– जनजातीय समाज का इतिहास और संस्कृति देश की अमूल्य विरासत
महासमुंद, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को नमन किया।
कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उन्होंने कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता के साथ जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका साहस, त्याग और बलिदान आज भी समाज को प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और अधिकारों के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और नायकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान एवं सम्मान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामुदायिक जीवनशैली को देश की महत्वपूर्ण विरासत बताया। उन्होंने कहा कि इस विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक किया। जनजातीय समाज की भाषा, लोककला, रीति-रिवाज और विशिष्ट पहचान का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
16 से 18 नवंबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले में 16 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से 16 नवंबर को खैरा स्थित अंबेडकर मंगल भवन में सुबह 11 बजे से जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, सदस्य और आम नागरिक शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों और महापुरुषों के योगदान को याद करने के साथ उनकी संस्कृति, परंपराओं एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, रमेश साहू, महेंद्र सिक्का, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।