जगदलपुर, 15 नवंबर 2026। जगदलपुर के जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाल वैज्ञानिकों ने अपने नवाचारों से विज्ञान की नई तस्वीर पेश की। यहां आयोजित जिला एवं जोन स्तरीय राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता में एआई, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और स्वदेशी ज्ञान पर आधारित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की मुख्य थीम “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार” रही। आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़, जिला शिक्षा कार्यालय जगदलपुर तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
320 प्रतिभागियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच
प्रतियोगिता के पहले चरण में बस्तर जिले के सातों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जिला स्तर पर हिस्सा लिया। इसके बाद जोन स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर और कोंडागांव जिले के करीब 320 प्रतिभागियों ने अपने मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, गणितीय मॉडलिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों पर आधारित कई उपयोगी मॉडल प्रदर्शित किए। इनमें कृषि की आधुनिक तकनीकों से जुड़े मॉडल के साथ जरूरतमंद और बीमार मरीजों की सुविधा के लिए तैयार किया गया ‘स्वचालित बेड’ विशेष आकर्षण रहा।
45 बाल वैज्ञानिक राज्य स्तर के लिए चयनित
आयोजन में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के अलावा व्यक्तिगत एवं समूह परियोजना, विज्ञान नाटिका, विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान क्लब गतिविधियां, शिक्षक संगोष्ठी और शिक्षक टीएलएम जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर करीब 45 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ये प्रतिभागी आगामी चरण में बस्तर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
‘विज्ञान सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं’
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य बीएस रामकुमार ने कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि जीवन को सरल, सुरक्षित और बेहतर बनाने का माध्यम है। विद्यार्थियों को लगातार सवाल पूछने और प्रयोग करने की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए।
विशेष अतिथि जयनारायण पाणिग्रही ने बाल वैज्ञानिकों की कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच को देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ एडीपीओ समग्र शिक्षा जयंती कश्यप एवं प्राचार्य बीएस रामकुमार ने किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रभारी दीप्ति ठाकुर ने रखी।
आयोजन में सचिन करेकर और पूर्णिमा सरोज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, निर्णायक और विज्ञान प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन हरेंद्र राजपूत और मनीष कुमार अहीर ने किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।