झालखम्हरिया केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ हुई शुरुआत, किसानों ने व्यवस्थाओं की सराहना कर जताया आभार
महासमुंद, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर से हो गया है। महासमुंद जिले में भी धान खरीदी की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। जिले के झालखम्हरिया धान उपार्जन केंद्र में कांटा-बांट की पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।
पहले दिन 616 किसानों के लिए जारी हुए टोकन
जिले में धान खरीदी के पहले दिन 188 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 616 किसानों से कुल 24,547 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं झालखम्हरिया उपार्जन केंद्र में इस खरीफ विपणन वर्ष के दौरान करीब 1,100 किसानों से धान खरीदी की तैयारी की गई है।
शुभारंभ के दिन झालखम्हरिया केंद्र में ग्राम लभरा के किसान विमल ध्रुव ने 200 कट्टा और ग्राम पतेरापाली के किसान चेतन चंद्राकर ने 138 कट्टा धान का विक्रय किया। विमल ध्रुव के पास 7 एकड़ और चेतन चंद्राकर के पास 3 एकड़ कृषि भूमि है।
खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट दिखे किसान
धान बेचने पहुंचे किसानों ने उपार्जन केंद्र में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि टोकन के अनुसार धान खरीदी, व्यवस्थित प्रक्रिया और अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। किसानों ने प्रति एकड़ 1,389 रुपये की आदान सहायता राशि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने कहा कि धान खरीदी किसानों के परिश्रम और उनकी आर्थिक समृद्धि से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। शासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खरीदी के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की नजर
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान परिवहन पर नियंत्रण के लिए 15 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, 14 नवंबर को 300 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया है। अधिकारियों की टीम खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रख रही है, ताकि वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी सुनिश्चित हो सके।
सीईओ अनुपमा आनंद ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त करने के बाद ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। धान को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप लेकर आएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा सर्वोपरि रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रवि साहू, समिति अध्यक्ष श्याम साकरकर, खाद्य विभाग एवं सहकारी समिति के नोडल अधिकारी, समिति के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।