जिला पार्षद प्रतिनिधि की गोली मारकर हत्या, गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में लगाई आग; पुलिस पर पथराव

सीतामढ़ी, 12 सितंबर 2026। बिहार के सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की पार्षद खुशदिल देवी के पति एवं प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, बैद्यनाथ महतो सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान पथरिया श्मशान घाट के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें करीब आठ गोलियां लगने की बात सामने आई है। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपित बताए जा रहे गांव के ही एजाज के घर में आग लगा दी। स्थिति को देखते हुए करीब 12 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। एसपी अमित रंजन और एसडीएम ने भी घटनास्थल पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।

इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया और भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में इंस्पेक्टर अनिल राम और ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगने की जानकारी है। दोनों को उपचार के लिए भेजा गया। दो दरोगा को भी भीड़ के विरोध के चलते मौके से पीछे हटना पड़ा।

हंगामे के दौरान पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। करीब छह वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। डुमरा थाना और सीतामढ़ी समाहरणालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

शराब कारोबार के विरोध को हत्या की वजह मान रही पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बैद्यनाथ महतो का क्षेत्र में शराब कारोबार के विरोध और शराब कारोबारी के खिलाफ शिकायत को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल आरोपितों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस टीम पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति सामान्य करने में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *