जगदलपुर, 21 सितंबर 2026। बस्तर जिले के जगदलपुर में शराब दुकान के पास बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद एक युवक ने 27 वर्षीय मोनू पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
वेल्डिंग दुकान के सामने शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, नया बस स्टैंड के पास शराब दुकान के करीब एक वेल्डिंग दुकान है। दुकान के सामने खाली जगह पर बैठने को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने मोनू पर चाकू से वार कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
चाकू का वार मोनू के सीने में हार्ट के करीब लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज का प्रयास किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते मोनू ने दम तोड़ दिया।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद बैठने की जगह को लेकर हुआ था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।