रायपुर, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए शिक्षा सत्र 2026-27 में लंबे अवकाश की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। राज्य शासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश के लिए पांच-पांच दिन निर्धारित किए गए हैं। इस तरह इन तीनों अवसरों को मिलाकर स्कूलों में कुल 15 दिन का दीर्घकालीन अवकाश रहेगा।
यह अवकाश कार्यक्रम राज्य के शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ डीएड, बीएड और एमएड से जुड़े शिक्षण संस्थानों पर भी लागू होगा।
दशहरा पर 17 से 21 अक्टूबर तक छुट्टी
दशहरा पर्व के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक पांच दिन का अवकाश मिलेगा।
दीपावली पर 6 से 10 नवंबर तक स्कूल बंद
दीपावली के अवसर पर भी स्कूलों में पांच दिन की छुट्टी रहेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक अवकाश रहेगा।
दिसंबर में पांच दिन का विंटर ब्रेक
साल के अंत में शीतकालीन अवकाश निर्धारित किया गया है। इसके तहत 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक पांच दिनों के लिए स्कूल बंद रहेंगे।
इस प्रकार शिक्षा सत्र 2026-27 में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश को मिलाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को कुल 15 दिनों का दीर्घकालीन अवकाश मिलेगा।