रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के मूल स्वरूप से भी किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित करना है, न कि उसका नाम बदलना।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्ग जिले को इस अवसर पर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।