राजस्थान में दो बड़े सड़क हादसों से मचा हड़कंप, कोटा में 9 और जोधपुर में 3 श्रद्धालुओं की मौत

22नवंबर2026/

खाटूश्यामजी और रामदेवरा के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु हुए हादसों का शिकार, कई घायल अस्पताल में भर्ती

राजस्थान में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोटा और जोधपुर में हुए इन हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।

कोटा में खड़े ट्रक से टकराया श्रद्धालुओं का वाहन

पहला हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। यहां खड़े ट्रक से श्रद्धालुओं से भरा एक क्रूजर वाहन टकरा गया। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र का एक परिवार सीकर जिले स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहा था। वाहन में कुल 16 लोग सवार थे। आधी रात के आसपास यह हादसा हुआ। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने बताया कि सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य थे। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

जोधपुर में भी सड़क हादसा, तीन की मौत

वहीं दूसरा हादसा जोधपुर में हुआ, जहां कार और टेम्पो की टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए लोग गुजरात के बनासकांठा जिले के एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो रामदेवरा में दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही चार एंबुलेंस की मदद से घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की मेडिकल टीम घायलों का उपचार कर रही है। अस्पताल अधीक्षक विकास राजपुरोहित के अनुसार, घायलों के इलाज के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

एक दिन में दो हादसों ने बढ़ाई चिंता

कोटा और जोधपुर में हुए इन दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। धार्मिक यात्रा से घर लौट रहे परिवारों के साथ हुई इन घटनाओं से शोक का माहौल है। वहीं घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *