जीएसटी की राशि कम करने के बदले व्यवसायी से मांगी थी रकम, शिकायत के बाद अधिकारी के आवास पर पहुंची एसीबी की टीम
कांकेर22नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भ्रष्टाचार से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जीएसटी विभाग की महिला अधिकारी अर्चना गिरी के आवास पर शनिवार को दबिश देकर जांच शुरू की है। अधिकारी पर एक व्यवसायी से जीएसटी की राशि कम करने के एवज में डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, एक व्यवसायी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि जीएसटी निर्धारण के दौरान कर की राशि कम करने के बदले उससे डेढ़ लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर कार्रवाई की योजना बनाई।
रकम घर पहुंचते ही एसीबी की दबिश
बताया जा रहा है कि तय योजना के तहत व्यवसायी डेढ़ लाख रुपये लेकर अधिकारी अर्चना गिरी के कांकेर स्थित आवास पहुंचा। व्यवसायी के रकम छोड़कर घर से बाहर निकलते ही पहले से सतर्क एसीबी की टीम ने आवास पर दबिश दी।
यह पूरा मामला कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम अधिकारी के आवास पर मौजूद दस्तावेजों और रिश्वत से जुड़े लेन-देन के पहलुओं की जांच में जुटी रही।
इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग में हलचल है। फिलहाल मामले में एसीबी की जांच जारी है। अधिकारी पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।