जगदलपुर, 3 जून 2026। सुशासन तिहार 2026 के तहत तोकापाल विकासखंड के ग्राम बड़े आरापुर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों का समाधान करने के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और शासन की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान, बस्तर मुन्ने योजना, राजस्व प्रकरणों, पशुधन विकास, कृषि विभाग की योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति और लाभ के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि का वितरण भी किया गया। इस दौरान शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के महिला स्व-सहायता समूहों को चेक वितरित किए गए। पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम शंकर लाल सिन्हा तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।