परसा में बनेंगे प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवन, 33.90 लाख रुपये मंजूर

24 अक्टूबर 2026 | रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरागी के आश्रित ग्राम परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवन बनाए जाएंगे। दोनों भवनों के निर्माण के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से कुल 33 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इससे क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल पर यह स्वीकृति दी गई है। इसका उद्देश्य दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।

प्राथमिक शाला के लिए 14.30 लाख, माध्यमिक शाला के लिए 19.60 लाख

स्वीकृत राशि में नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये और नवीन माध्यमिक शाला भवन के लिए 19 लाख 60 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। दोनों निर्माण कार्यों को उच्च प्राथमिकता में रखा गया है। यह स्वीकृति डीएमएफ शासी परिषद की 11 मई 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप जारी की गई है।

निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपी गई है। इन भवनों के बनने से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाओं के साथ पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगा ध्यान

जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण शुरू होने से पहले, कार्य के दौरान और पूरा होने के बाद स्थल की तस्वीरें लेना अनिवार्य होगा। साथ ही, कार्यस्थल पर सूचना फलक लगाया जाएगा, जिसमें योजना का नाम, स्वीकृत राशि और निर्माण कार्य शुरू होने तथा पूरा होने की तिथि दर्ज रहेगी।

परसा में स्कूल भवनों के निर्माण को वनांचल क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *