दिल्ली में आज छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की धूम, CM विष्णुदेव साय होंगे शामिल

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे, जहां वे भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की सांस्कृतिक संध्या में शामिल होंगे। वहीं, दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा रायपुर जिले में देवउठनी एकादशी के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में युवा उत्सव और रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं भी सामने आई हैं।
दिल्ली दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शाम 3:30 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की सांस्कृतिक संध्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे। रात में गुरुग्राम स्थित सैयारा-द लिविंग रूम जाने का भी कार्यक्रम निर्धारित है।
भारत मंडपम में दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेगा। एम्फीथिएटर-01 में आयोजित राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के कलाकार सात पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति देंगे। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य शामिल हैं। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *