14नवंबर2026/
अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स बंदरगाह के पास बड़ा हादसा — मिसिसिपी नदी में एक बड़े तेल टैंकर की खड़े क्रूज जहाज से टक्कर हो गई। हादसे के बाद क्रूज जहाज का एक हिस्सा पानी में डूब गया और जहाज एक ओर झुककर नदी में पलट गया।
घटना 13 नवंबर को हुई। टक्कर अटलांटिक एस्फाल्ट नाम के तेल टैंकर और अमेरिकन हेरिटेज क्रूज जहाज के बीच हुई। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया और जहाज पर सवार यात्रियों व चालक दल के कम से कम 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो के मुताबिक, 32 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
हादसे के वीडियो में टैंकर के क्रूज जहाज से टकराने के बाद मलबा बिखरता और क्रूज जहाज को एक तरफ झुकते देखा गया। अमेरिकी तटरक्षक बल और अन्य अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी में टैंकर के नियंत्रण खोने की आशंका जताई गई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।