फिल्मी अंदाज में हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी: जगदलपुर में कनपटी पर बंदूक रखकर दबोचा, सिविल ड्रेस में पहुंची थी ओडिशा पुलिस

जगदलपुर। 3सतंबर 2026/छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में गुरुवार को ओडिशा पुलिस ने बस्तर पुलिस के सहयोग से एक हिस्ट्रीशीटर को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान टूना महाजन के रूप में बताई जा रही है। ओडिशा पुलिस को आरोपी की लंबे समय से तलाश थी।

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में जगदलपुर के नया बस स्टैंड इलाके में पहुंची। टीम ने शराब दुकान के पास आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही उसे घेर लिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी की कनपटी पर बंदूक तानकर उसे काबू में कर लिया।

बोरिगुमा पुलिस पर फायरिंग का आरोप

बताया जा रहा है कि टूना महाजन ओडिशा पुलिस के लिए लंबे समय से वांटेड था। कुछ दिन पहले उसने बोरिगुमा पुलिस पर करीब पांच राउंड फायरिंग की थी। इस घटना के बाद ओडिशा पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

मंदिरों में चोरी के मामलों से भी जुड़ा नाम

पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम बस्तर के गिरोला मंदिर सहित अन्य मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों से भी जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि इन मामलों में उसकी संलिप्तता की पुलिस जांच कर रही है। ओडिशा में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

गोपनीय तरीके से चलाया गया ऑपरेशन

आरोपी को पकड़ने के लिए ओडिशा पुलिस ने पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहुंचे, जिससे आरोपी को पुलिस की मौजूदगी का अंदाजा नहीं लग सका। बस्तर पुलिस ने भी ओडिशा पुलिस को स्थानीय स्तर पर सहयोग दिया और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद की।

मौका मिलते ही नया बस स्टैंड के पास आरोपी को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।

पुलिस पूछताछ में ओडिशा और बस्तर क्षेत्र में हुई अन्य आपराधिक वारदातों को लेकर भी अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *