सड़क सुरक्षा के सारथी बने जिम्मेदार चालकदंतेवाड़ा यातायात पुलिस ने ‘सारथी सम्मान’ से 18 उत्कृष्ट वाहन चालकों को किया सम्मानित

दंतेवाड़ा, 14 जनवरी 2026/
36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा बुधवार को “सारथी सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा के प्रति अनुकरणीय आचरण करने वाले 18 उत्कृष्ट वाहन चालकों को सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा  गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आर. के. बर्मन एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात)  नसर उल्लाह सिद्धिकी के मार्गदर्शन में यातायात शाखा दंतेवाड़ा में आयोजित किया गया।
सम्मानित किए गए वाहन चालकों का चयन उनके जिम्मेदार व्यवहार, नशा रहित वाहन संचालन, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, वाहनों के बेहतर रख-रखाव एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को समय पर अस्पताल पहुँचाने में किए गए सराहनीय सहयोग के आधार पर किया गया। चयनित चालकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आर. के. बर्मन द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य वाहन चालकों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा समाज में यातायात नियमों के पालन और निःस्वार्थ सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आर. के. बर्मन, जिला परिवहन अधिकारी  गौरव पाटले, निरीक्षक/यातायात प्रभारी  विजय कुमार राठौर, सहायक उप निरीक्षक  जितेन्द्र त्रिपाठी,  अर्जुन मण्डावी सहित यातायात शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *