दंतेवाड़ा 25जून2026/दंतेवाड़ा के गीदम थाना क्षेत्र में ऑनलाइन टास्क और निवेश के नाम पर करीब 61 लाख 6 हजार 592 रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और कमीशन के बदले रकम को आगे भेजने का आरोप है।
गीदम निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने ऑनलाइन टास्क और निवेश का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। जांच के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की कड़ियां महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और केरल तक पहुंचीं। इस प्रकरण में कई आरोपियों पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।
विशेष टीम ने केरल के कोझिकोड जिले से मुहम्मद नीजाज आर.एम., अभिनव श्रीनिवास और मुहम्मद साहिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कई बैंक खाते संचालित कर ठगी की रकम का ट्रांसफर और नकद निकासी करते थे। एक आरोपी परिचितों के नाम पर खाते खुलवाकर रकम आगे भेजता था, जबकि क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से भी राशि पहुंचाने की जानकारी मिली है।
गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ लाते समय एक आरोपी ने केरल के एक लॉज से पुलिस को चकमा देकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन अगले ही दिन उसे दोबारा पकड़ लिया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 27 जून 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ऑनलाइन निवेश, पार्ट-टाइम जॉब, टास्क आधारित कमाई और अनजान लिंक के जरिए पैसे लगाने से पहले पूरी जांच करें। वित्तीय साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल� पर शिकायत दर्ज कराएं
₹61 लाख की ऑनलाइन ठगी का खुलासा: केरल से 3 आरोपी गिरफ्तार, बैंक खाते किराए पर देकर चल रहा था साइबर नेटवर्क