28अप्रैल2026
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक वीडियो सामने आया है। रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती स्कूटी पर तीन युवाओं द्वारा खतरनाक और आपत्तिजनक स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के साथ-साथ सार्वजनिक मर्यादा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि व्यस्त हाईवे पर एक स्कूटी में तीन लोग सवार थे। वाहन चला रहा युवक आगे बैठा था, जबकि पीछे बैठा युवक उल्टी दिशा में बैठा नजर आया। वहीं युवती बेहद जोखिम भरे तरीके से उसके ऊपर बैठी दिखी। तेज रफ्तार सड़क पर इस तरह की लापरवाही न केवल उनकी जान के लिए खतरा बनी, बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा को भी जोखिम में डालती नजर आई।
पीछे चल रहे वाहन चालकों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की चाह में इस तरह के स्टंट अब आम लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो के आधार पर संबंधित युवाओं की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि दोषियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।