सही दवा-शुद्ध आहार” अभियान की शुरुआत, जगदलपुर में चाट ठेलों और कॉस्मेटिक दुकानों पर सघन जांच

जगदलपुर, 28 अप्रैल 2026।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि विभाग ने “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान की शुरुआत कर दी है। 27 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान के पहले दिन बस्तर जिले में कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने सिरहासार चौक क्षेत्र के चाट और गुपचुप सेंटरों में पहुंचकर स्वच्छता, खाद्य लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच की। संचालकों को एफएसएसएआई लाइसेंस अनिवार्य रूप से रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने, ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने और प्रमाणित खाद्य रंगों का ही सीमित इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खाद्य सामग्री बनाते समय एप्रन, ग्लव्स और हेड कैप पहनने, तंबाकू उत्पादों से दूरी रखने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों और पानी के नमूने भी संग्रहित किए गए।
दूसरी ओर औषधि प्रकोष्ठ की टीम ने पैलेस रोड, मोतीतालाब पारा और जैन मंदिर रोड स्थित कॉस्मेटिक एवं ड्रग्स व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच कर उत्पादों की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया। व्यापारियों को सुरक्षित, मानकयुक्त और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यह अभियान आगामी 11 मई तक जिलेभर में जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री और गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *