गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान के करीब, निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा

हरिद्वार, 27 सितंबर 2026। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज पर रविवार सुबह 11 बजे गंगा का जलस्तर 292.95 मीटर दर्ज किया गया, जो 293 मीटर के चेतावनी स्तर से महज 5 सेंटीमीटर नीचे है।

बारिश के चलते श्रीनगर डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा पशुलोक बैराज से भी गंगा में पानी की निकासी बढ़ाई गई है। जलस्तर बढ़ने के बाद भीमगोड़ा बैराज से निचले इलाकों की ओर पानी की निकासी भी बढ़ाई गई है।

स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। बाढ़ चौकियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने गंगा के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

यूपी सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *