विद्यार्थी ज्यादा से ज्यादा समय पढ़ाई को दें” — कलेक्टर आकाश छिकारा का छात्राओं को संदेश

जगदलपुर, 12 फरवरी 2026।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को तोकापाल विकासखंड के दौरे के दौरान प्री एवं पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
छात्राओं से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने उन्हें प्रेरित किया कि वे अधिक से अधिक समय पढ़ाई को दें और अपने भविष्य के लक्ष्य को अभी से निर्धारित कर उसकी दिशा में तैयारी शुरू करें। उन्होंने कहा कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई भविष्य की नींव होती है, इसलिए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, जागरूक नागरिक के रूप में विकसित होने और टीम भावना से कार्य करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत के सीईओ भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर छिकारा ने छात्रावास परिसर, डाइनिंग हॉल, अध्ययन कक्ष, हेल्थ कैंप, खेल सामग्री, शिक्षकों की उपस्थिति तथा प्राप्त सामग्रियों के पंजी संधारण का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। छात्राओं से पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर खुलकर बातचीत की तथा अधिकारियों को आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास को शीघ्र नए भवन में संचालित किया जाए, जहां लाइब्रेरी और कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध हो, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने किलेपाल स्थित सेजस स्कूल में अपार आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की। अपार आईडी पंजीयन में आ रही दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *