जगदलपुर, 12 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा प्रस्तावित नई बिजली दरों और आगामी वर्षों की कार्ययोजनाओं को लेकर 18 फरवरी को जगदलपुर में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस जनसुनवाई के माध्यम से क्षेत्रीय उपभोक्ता, विभिन्न संगठन और राजनीतिक दल बिजली कंपनियों की ओर से प्रस्तुत याचिकाओं पर अपनी आपत्तियां और सुझाव सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगे।
जगदलपुर के उपभोक्ताओं के लिए यह जनसुनवाई दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित होगी।
यह सुनवाई राज्य की बिजली कंपनियों—उत्पादन, पारेषण, वितरण और भार प्रेषण केंद्र—द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के टू-अप, वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR) और टैरिफ निर्धारण से संबंधित याचिकाओं पर केंद्रित रहेगी। इसके साथ ही जुलाई 2025 में जारी टैरिफ आदेश के पुनरीक्षण पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
विशेष बात यह है कि इस बार आयोग ने क्षेत्रीय स्तर पर ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था की है। जगदलपुर के प्रतिभागी स्थानीय कार्यालय में उपस्थित होकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रायपुर स्थित आयोग कार्यालय से सीधे जुड़ सकेंगे।
इस जनसुनवाई को उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों पर अपनी आवाज उठाने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।