बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: 35 किलो IED निष्क्रिय, माओवादी स्मारक ध्वस्त

बीजापुर, 12 फरवरी 2026।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। संयुक्त अभियान के दौरान कुल 35 किलोग्राम IED बरामद कर निष्क्रिय किए गए, वहीं माओवादियों द्वारा बनाए गए स्मारकों को भी ध्वस्त किया गया।
थाना आवापल्ली क्षेत्र में थाना आवापल्ली, केरिपु 196 एवं 170वीं वाहिनी की संयुक्त टीम आवापल्ली-मुरदण्डा मार्ग पर डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकली थी। बीडी टीम ने मुरदण्डा कैंप से लगभग 3 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग के किनारे फॉक्सहोल बनाकर सड़क के नीचे करीब 30 किलोग्राम का IED डिटेक्ट किया। माओवादियों ने इसे बड़े वाहनों को निशाना बनाने के उद्देश्य से स्विच सिस्टम के जरिए प्लांट किया था।
डिमाइनिंग के दौरान IED को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिक गहराई में लगे होने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया। विस्फोट से सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया, जिसे भरकर यातायात बहाल कर दिया गया।
इसी दिन थाना गंगालूर क्षेत्र के FOB डोडीतुमनार में केरिपु 153 वाहिनी ने डिमाइनिंग के दौरान 5 किलोग्राम का प्रेशर IED डिटेक्ट कर मौके पर नष्ट किया।
वहीं थाना कुटरू क्षेत्र में कोबरा 210 वाहिनी ने माओवादी विरोधी अभियान के तहत इंद्रावती नदी किनारे वर्ष 2025 में मारे गए माओवादी कमांडर बसवराजू की स्मृति में बनाए गए स्मारक को चिन्हित कर पूरी तरह ध्वस्त किया। इसी क्रम में गंगालूर थाना क्षेत्र के तोड़का-कोरचोली और पेद्दाकोरमा के घने जंगलों में केरिपु 222 वाहिनी ने सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन के दौरान माओवादियों द्वारा बनाए गए अन्य स्मारकों को भी नष्ट किया।
सुरक्षाबलों की सतर्कता और सूझबूझ से माओवादियों की बड़ी साजिश विफल हो गई। यह कार्रवाई क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों, उनके प्रतीकों और अवैध संरचनाओं के खिलाफ एक सख्त संदेश मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *