जगदलपुर, 12 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले में प्राकृतिक आपदाओं के कारण जान गंवाने वाले 9 लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन ने 36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की मंजूरी दी है। स्वीकृत राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बकावंड विकासखंड के कोहकापाल और तारापुर, जगदलपुर तहसील के नगरनार और बाबूसेमरा, करपावंड तहसील के सतोषा गोटीगुड़ापारा, तोकापाल तहसील के डेंगछापर भानपुरी और कोयपाल तथा नानगुर तहसील के उलनार और नेतानार गांवों के प्रभावित परिवारों को सहायता दी जाएगी।
इनमें पानी में डूबने, सांप के काटने और आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौतों के मामले शामिल हैं। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित तहसीलदारों को राशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में अंतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।