कलागुड़ी और दलपत सागर का होगा कायाकल्प: कलेक्टर आकाश छिकारा ने लिया जमीनी जायजा, पर्यटन और सुविधाओं पर जोर

जगदलपुर,  जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों और शहरी विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा ने शनिवार को शहर के महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दलपत सागर के समीप स्थित बस्तर आर्ट गैलरी (कलागुड़ी) का दौरा कर आवश्यक अधोसंरचना विकास को लेकर नगर पालिक निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बादल अकादमी की नई शाखा को कलागुड़ी केंद्र में संचालित करने की योजना पर जोर देते हुए म्यूजिक हॉल, रिकॉर्डिंग रूम, डांस हॉल, आधुनिक साउंड सिस्टम, थ्रीडी पेंटिंग सुविधा तथा पृथक शौचालय निर्माण के लिए शीघ्र पहल करने के निर्देश दिए। साथ ही आर्ट गैलरी के एग्जीबिशन हॉल की मरम्मत और उन्नयन के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए, ताकि स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने शहर के ऐतिहासिक सरोवर दलपत सागर के सौंदर्यीकरण, तटवर्ती सड़क विकास तथा पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रस्तावित कार्यों में आर्ट गैलरी से धरमपुरा रोड मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण, पेवर ब्लॉक पाथवे, रिटेनिंग वॉल, रानीघाट के पास चौपाटी विकास, ड्रेनेज व्यवस्था सुधार तथा वर्षा जल निकासी की समुचित योजना शामिल है।
इसके अलावा कलेक्टर ने ग्रीष्मकालीन जलापूर्ति को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर शहर के इंटेकवेल और वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अमृत मिशन योजना के तहत मार्च माह तक जलापूर्ति शुरू करने को लेकर भी चर्चा हुई।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस पहल से शहर के सांस्कृतिक संरक्षण, पर्यटन विकास और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *